बारीं पंचायत में महिलाएं खुद रखेंगी नशेड़ियों पर नजर चिट्टा व अन्य मादक पदार्थ में शामिल लोगों को करेगी पुलिस के हवाले

हमीरपुर बारीं पंचायत में चिट्टा व अन्य मादक पदार्थों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ाई से निपटने के लिए महिलाओं ने कमर कस ली है। अगर कोई भी व्यक्ति नशे में शामिल पाया गया तो उसे पुलिस के हवाले करेगी और नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ाई से नजर रखेगी। टौणीदेवी बाजार में विशेष नजर रखी जाएगी। पंचायत से मिलने वाली सुविधाओं से भी नशेड़ियों को वंचित किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को ग्राम पंचायत बारीं में महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मातृशक्ति ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। पंचायत की वार्ड सदस्य पूनम कुमारी की अध्यक्षता में महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिसमें पंचायत प्रधान रविंद्र ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी गई तथा महिला सम्मान व सशक्तिकरण के लिए उठाएं जा रहे कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिससे महिलाएं हर क्षेत्र में बुलंदियां छू रही हैं। परिवार को संभालने के साथ ही अंतरिक्ष तक महिलाओं ने अपनी भूमिका से हर किसी को प्रभावित किया है। जिससे समाज निरंतर अग्रसर हो रहा है । पंचायत प्रधान ने कहा कि महिलाएं घर की दहलीज को लांघकर निरंतर कदम बढ़ा रही हैं। इससे देश व प्रदेश का उत्थान हो रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार ने कई कार्यक्रम शुरू किए हैं और इसका लाभ पात्र महिलाओं को पहुंचाया जा रहा है । सभी विभागों की कल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचा जा रहा है। उन्होंने महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों को और सशक्त बनाने का आग्रह भी किया। जिससे सामाजिक विकास अधिक सशक्त हो सके। उन्होंने पंचायत का उदाहरण देते कहा कि पांच वार्डों में से चार में महिला सदस्य हैं। इससे बड़ा महिला सशक्तिकरण और क्या हो सकता हैं। उन्होंने महिलाओं से बढ़ चढ़कर सामाजिक उत्थान में योगदान देने का आग्रह किया। इस दौरान महिलाओं ने निरंतर बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई और आश्वासन दिया कि चिटा व अन्य मादक पदार्थों में शामिल लोगों पर महिलाएं कड़ी नजर रखेंगी और इस तरह का कोई व्यक्ति पाया जाता है तो इसकी सूचना पुलिस को और पंचायत को देंगे। विशेष कर पंचायत के टौणी देवी और झनिकर कस्बों में विशेष नजर रखी जाएगी। अभी तक पंचायत क्षेत्र में कोई भी चिट्ठा व अन्य नशे के कारोबार में कोई व्यक्ति नहीं पकड़ा गया है और इसी क्रम को जारी रखने के लिए आगे भी महिलाएं शक्ति से इन पर नजर रखेगी।जिससे युवाओं को नशे की चपेट में आने से बचाया जा सके। महिलाओं ने नशे के खात्मे के लिए और भी कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है । इस दौरान पंचायत प्रधान रविंद्र ठाकुर ने आश्वस्त किया कि मादक पदार्थों में कोई व्यक्ति शामिल पाया जाता है तो उसे पंचायत की सुविधाओं से वंचित किया जाएगा और उसका साथ देने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कड़ाई से निपटा जाएगा। उन्होंने महिलाओं द्वारा नशे के खिलाफ प्रहार करने के फैसले का स्वागत किया है। इससे युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाने में मदद मिलेगी तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों को भी गिरफ्त में लिया जाएगा। महिलाएं नशे के खिलाफ महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती हैं। ग्राम सभा की बैठक में महिला वार्ड सदस्य पूनम कुमारी, सोनू कुमारी, अंजना कुमारी, सिलाई अध्यापिका पूनम कुमारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कुसुम लता, सीता देवी, प्रोमिला देवी, वीरेंद्र कुमारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता शिल्पा चंदेल, आशा कार्यकर्ता पूनम कुमारी के साथ ही वार्ड सदस्य नरेश कुमार, 75 वर्षीय व्योवृद्ध महिला सर्वो देवी सहित अन्य ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज की।

Leave a Comment

error: Content is protected !!